न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
परिवहन निगम ने दिवाली पर्व पर आमदनी बढ़ाने व यात्रियों को राहत देने के लिए दिवाली प्रोत्साहन योजना की शुरुआत की है। इस कारण दो नवंबर से 11 नवंबर तक चालक-परिचालक व कार्यशाला कर्मियों के अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। तीन हजार से अधिक किलोमीटर की दूरी तय करने वालों को चार हजार रुपये की राशि दी जाएगी। दिवाली से पहले ज्यादातर बसों का संचालन दिल्ली रूट पर करने की योजना भी तैयार की गई है।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो की आमदनी की स्थिति सही नहीं चल रही है। अब जैसे-जैसे दिवाली का त्योहार नजदीक आ रहा है, वैसे ही डिपो को आमदनी बढ़ाने की कवायद में जुट गया है। कार्यशाला में क्षेत्रीय स्तर से सामान का आना भी शुरू हो गया है। दो नवंबर से 11 नवंबर तक छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए निगम स्तर से दिवाली प्रोत्साहन योजना का क्रियान्वयन किया गया है।
इस दौरान चालक-परिचालक व कार्यशाला कर्मियों के अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। विशेष परिस्थिति में ही अवकाश दिया जाएगा। रोडवेज की सहायक खेत्रीय प्रबंधक शशी रानी का कहना है कि दो से 11 नवंबर तक चालक-परिचालकों के अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। दिवाली प्रोत्साहन योजना में अधिक से अधिक बसों के संचालन के प्रयास जारी हैं। संवाद