हाथरस : आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में आयोजित गोष्ठी में शामिल शिक्षक शिक्षिकाएं। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
राष्ट्रीय पाठ्यचर्या फ्रेमवर्क कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय गोष्ठी का आयोजन श्री उमेशचंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में हुआ। सभी ने अपने-अपने विचार रखे।
शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या व जिला स्तरीय विमर्श समिति (एसई) की प्रभारी प्रीतिका शर्मा ने गोष्ठी के उद्देश्यों को विस्तापूर्वक बताते हुए किया। डायट की ओर से प्रतिभाग कर रहे लव कुमार, गजेंद्र सिंह एवं शिवम कुमार ने विद्यालय समुदाय के संबंधों को सुदृढ़ करने करने के संबंध में विचार व्यक्त किए। दून पब्लिक स्कूल की ओर से शुभम गर्ग और नीतू अरोड़ा ने व्यावसायिक कौशल, स्कूल जाने से वंचित बच्चों की समस्या पर विचार व्यक्त किए।
आरपीएम कॉलेज की ओर से कार्यक्रम में शामिल ऋचा अग्रवाल और अनीता राना ने विद्यालय संकुल आधारित अधिगम समय सारणी पर चर्चा की। राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर (आरएलवीएम) की ओर से जितेंद्र चौधरी व वेद प्रकाश शर्मा ने शिक्षण अधिगम प्रक्रिया में प्रौद्योगिकी के उपयोग, कोविड-19 महामारी में शिक्षण की चुनौतियों आदि विषयों पर विचार रखे। संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज की अल्का शर्मा ने विद्यालयी वातावरण और अनुशासन आदि विषयों पर चर्चा की। बीएलएस स्कूल के दिलीप कुमार ने उत्तम शिक्षण पद्घतियों के बारे में बताया। श्री उमेशचंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज की अराधिका, मृत्युजंय, श्यामनारायण यादव, ममता देवी एवं विनीत कुमार शर्मा आदि ने विभिन्न विषयों पर विचार व्यक्त किए। संवाद