न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
उप मुख्यमंत्री केशवदेव मौर्य 31 अक्तूबर को शाम चार बजे नगर पालिका के क्रीड़ास्थल पर जनसभा को संबोधित करेंगे। वह हाथरस में संगठन की बैठक में हिस्सा लेने के बाद यहां आएंगे। शनिवार की दोपहर में सांसद राजवीर दिलेर, विधायक वीरेंद्र सिंह राना, जिलाधिकारी रमेश रंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने क्रीड़ास्थल का मुआयना किया और सभा की तैयारियों का जायजा लिया। सभा की वजह से 28 अक्तूबर से क्रीड़ास्थल पर लग रहा दीपावली मेला भी एक दिन के लिए हटा दिया जाएगा। पंत चौराहे से क्रीड़ास्थल तक उपमुख्यमंत्री को क्षतिग्रस्त सड़क से होकर गुजरना होगा।
बता दें कि अभी तक हाथरस में संगठन की बैठक एवं ओवरब्रिज के लोकार्पण के कार्यक्रम के बाद यहां पहले सभा की कोई सूचना नहीं थी। विधायक वीरेंद्र सिंह राना के आग्रह पर यहां का कार्यक्रम तय किया गया। उप मुख्यमंत्री की सभा के दौरान नगर पालिका द्वारा अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के लिए लखनऊ से वीआईपी पंडाल मंगाया गया है। लोक निर्माण विभाग के शीर्ष अभियंता यहां आकर जम गए हैं। विधायक वीरेंद्र सिंह राना ने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने उनके विशेष आग्रह पर यहां की सभा की अनुमति दी है। इस मौके पर पूर्व विधायक सुरेशप्रताप गांधी, जयपाल सिंह चौहान, पकंज गुप्ता, मोनू माहेश्वरी, अगसौली मंडल संयोजक योगेश परमार, गिरीश मोहन गुप्ता, कमलनयन, बृजमोहन गुप्ता, ईओ नगर पालिका सुनील कुमार सागर आदि मौजूद थे। संवाद
एक दिन के लिए हटेगा दिवाली मेला
सिकंदराराऊ। एक दिन पहले विधायक वीरेंद्र सिंह राना ने क्रीड़ास्थल में 28 से चार नवंबर तक दिवाली मेले का श्रीगणेश किया था। मेला महज एक दिन चल पाया। मेले के परवान चढ़ने से पहले ही एक दिन के लिए मेले को हटाने का ऐलान कर दिया गया। एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि सुरक्षा के लिए महज एक दिन के लिये मेले को हटाया जा रहा है। अगले दिन से यह पुन: शुरू हो जाएगा। संवाद
टूटी सड़क से गुजरेंगे उपमुख्यमंत्री
सिकंदराराऊ। हाथरस रोड के गड्ढे तो लोक निर्माण विभाग ने भर दिए हैं, लेकिन पंत चौराहे से नगर पालिका के क्रीड़ास्थल तक सड़क में गड्ढे ही गड्ढे हैं। इन गड्ढों से गुजरते वक्त उपमुख्यमंत्री को यह भी अहसास हो जाएगा कि उनका गड्ढामुक्त सड़क का दावा कितना मजबूत है। लोक निर्माण विभाग के अभियंता से पूछा गया कि वह उपमुख्यमंत्री को क्या जवाब देंगे तो उन्होंने कह दिया कि यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधीन है, जब कि एनएचएआई वालों का कहना था कि अलीगढ़ रोड पर गांव सराय से हाईवे पर बाईपास बन रहा है। उससे पहले की सड़क लोक निर्माण विभाग की है। संवाद