संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कैलोरा-जलेसर मार्ग पर रेलवे द्वारा कराए जा अंडरपास निर्माण कार्य के विरोध में बुधवार को आसपास के गांवों के लोग सड़क पर उतर गए। ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और उसके बाद श्रीजी फार्म हाउस पहुंचे। वहां इन लोगों ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, सांसद राजवीर दिलेर के समक्ष अपनी मांग रखी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद ने इन ग्रामीणों की समस्या सुनी और जल्द इसका निदान कराने का आश्वासन दिया। उसके बाद लोग शांत हुए। उल्लेखनीय है कि पूर्वोत्तर रेलवे के मथुरा कासंगज ट्रैक पर गेट संख्या 297 ए पर अंडरपास का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों व जिला प्रशासन से अंडरपास के निर्माण को रुकवाने की मांग की।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बुधवार की दोपहर को कई गांवों के लोग शहर के अलीगढ़ रोड स्थित श्रीजी फार्म हाउस में हो रहे भाजपा अनुसूचित मोर्चा के सम्मेलन में पहुंच गए। ग्रामीणों ने पहले वहां जनप्रतिनिधियों के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। साथ ही कैलोरा मार्ग की जर्जर हालत पर गुस्सा जताया। ग्रामीणों का कहना था कि इस अंडरपास के बनने से कानपुर बरेली मार्ग से संपर्क टूट जाएगा।
इसके अलावा ऊंची मशीनें, ट्रैक्टर आदि का आवागमन प्रभावित होगा। वहां जलभराव भी होगा। ग्रामीणों ने कहा कि उक्त ग्रेड-ए की रेलवे क्रासिंग को अंडरपास में बदला जा रहा है, जबकि इसे ओवरब्रिज में बदला जाना चाहिए। गेस्ट हाउस में पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन ग्रामीणों के पास पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता की।
उन्होंने कहा कि वह उनकी समस्या को लखनऊ जाकर रेलवे अधिकारियों से वार्ता करेंगे। वहीं सांसद राजवीर दिलेर ने मंच से कहा कि वह जनता के साथ खड़े हैं। उन्होंने अंडर पास के काम को रुकवा दिया है। ग्रामीणों की हर संभव मदद की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में श्रीनगर, रसूलपुर, हाजीपुर, महासिंगपुर सहित कई गांवों के लोग शामिल थे।
ग्रामीणों के साथ जमीन पर ही बैठ गए पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह व सांसद राजवीर दिलेर अपनी समस्या को लेकर आए ग्रामीणों के साथ जमीन पर ही बैठ गए। उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी मांग उच्च स्तर तक पहुंचाई जाएगी और उनकी इस समस्या का निदान कराया जाएगा। संवाद