गांव वेदई में किसान की मौत के बाद मौके पर पहुंचे कोतवाल शिव कुमार शर्मा घटना के संबंध में ग्राम प्?
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
गांव वेदई में फसल की रखवाली कर रहे एक किसान की मौत हो गई। सुबह उसका शव खेत में लगी कटीले तारों से उलझा मिला। किसान की मौत की खबर सुनते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सीओ ब्रह्म सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
गांव वेदई निवासी शीशपाल (55) पुत्र स्व. भगवान सिंह रोजाना की तरह अपने खेत पर फसल की रखवाली करने के लिए गए थे। सुबह जब वह घर नहीं लौटे तो लोगों को चिंता हुई और वह मौके पर पहुंचे तो शीशपाल का शव खेत की मेड़ पर लगे कटीले तारों में उलझा मिला। यह देख घर वाले चीखने-चिल्लाने लगे। चीख पुकार सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।
ग्रामीणों में चर्चा है कि रात में रखवाली करने के दौरान किसी आवारा पशु ने उन पर हमला कर दिया होगा जिससे उनकी मौत हो गई। इधर, इस मामले में कोतवाली में भोला पुत्र शीशपाल सिंह ने दी गई लिखित सूचना में बताया कि शीशपाल सिंह आठ दिसंबर की शाम को शाम छह बजे अपने खेत पर फसल की रखवाली के लिए गए थे।
सुबह जब वह घर वापस नहीं लौटे तो खेत पर जाकर देखा तो उसके पिता शीशराम उसके और एक अन्य किसान के खेत की बीच की मेड़ पर लगे लकड़ी के खंभे में बंधे कटीले तार पर गर्दन के बल उलझे हुए और दोनों हाथों पर चादर लपेटे हुए मृत अवस्था में मिले। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
गांव वेदई में मृत किसान का फाइल फोटो।- फोटो : SADABAD