न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन स्तर से हथठेला और खोमचा लगाने वाले कामगारों का डेटा पोर्टल पर फीड कराया जा रहा है। नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्र में विकास खंड कार्यालयों के माध्यम से इस डेटा की पोर्टल पर फीडिंग कराई जा रही है। ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के जरिये डेटा को सत्यापित कर फीड करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्र से प्राप्त होने वाले आवेदनों के सापेक्ष डेटा को एकत्रित कर फीड करने की कार्रवाई की जा रही है। ब्लॉक स्तर से अब तक ग्रामीण क्षेत्र के 950 कामगारों का डेटा पोर्टल पर सत्यापित होने के बाद फीड कर दिया गया है। इस डेटा में कामगार का नाम, फोन नंबर, एकाउंट नंबर के साथ उनके कार्य को फीड किया गया है।
डीपीआरओ बनवारी सिंह ने बताया कि इस डेटा को फीड करने के साथ सत्यापित कराया जा रहा है। इस डेटा को जल्द ही शासन को भेजा जाएगा। शासन के निर्देश के बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद