न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है और तेजी से जांच कराई जा रही हैं। सोमवार को सादाबाद क्षेत्र के एक व्यक्ति की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। खेदजनक पहलू यह है कि फिर से कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बाद भी लोग सामाजिक दूरी भूल गए हैं और मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग भी नहीं कर रहे।
हाल में ही आसपास के प्रदेशों में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते जिले में कोरोना की जांच तेजी से कराई जा रही है। अब सादाबाद के एक गांव का 56 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आया है। उसकी जांच 20 मार्च को हुई थी। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के हिसाब से जिले में अब तक कोरोना से आठ लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं खेदजनक पहलू यह भी है कि कोरोना के फिर से बढ़ते असर के बाद भी लोग इसे लेकर गंभीर नहीं है। ज्यादातर लोगों ने मास्क लगाना छोड़ दिया है और वह सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे। सरकारी दफ्तरों से लेकर बाजारों में यही स्थिति देखी जा सकती है।