न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला अस्पताल की एक स्टाफ नर्स को कोरोना होने की पुष्टि हुई है। उसका आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। इस खबर से जिला अस्पताल प्रशासन में खलबली मची हुई है। वहीं कुछ स्वास्थ्य कर्मी काफी भयभीत हो गए हैं। नर्स के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि सीएमओ ने की है।
आगरा निवासी एक स्टाफ नर्स जिला अस्पताल में तैनात हैं। वह ड्यूटी के लिए हर दिन आगरा से यहां आती थी। इस बीच वह किसी कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आई और बीमार हो गईं। आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में नर्स को भर्ती कराया गया। जहां पर उनकी कोरोना की जांच हुई। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसकी जानकारी शुक्रवार को जिला अस्पताल प्रशासन को हुई तो हड़कंप मच गया। अब सभी अपनी ड्यूटी को लेकर काफी डरे हुए हैं।
जिला अस्पताल की एक स्टाफ नर्स की कोरोना की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह आगरा की रहने वाली हैं और उनका इलाज आगरा में ही एसएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वह कहां से संक्रमित हुईं, इस बारे में अभी कहना मुश्किल है।
-डॉ. बृजेश राठौर, सीएमओ।