हाथरस: लूट के शिकार पशु आहार विक्रेता से पूछताछ करते हाथरस गेट कोतवाली निरीक्षक।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
स्थानीय जलेसर रोड पर गांव तिपरस के तिराहे पर बाइक सवार बदमाशों ने एक दुकानदार को गोली मार दी और उसके गल्ले में रखे 30 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। घायल दुकानदार को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। सूचना के बाद पुलिस बदमाशों की खोजबीन में जुट गई है।
कोतवाली हाथरस जंक्शन के गांव गंगचौली निवासी निरंजन सिंह पुत्र सूरजपाल सिंह की तिपरस तिराहे पर पशु आहार की दुकान है। दुकान में वह पशु आहार के अलावा गुटका, बीड़ी, सिगरेट भी बेचता है। शुक्रवार की शाम को एक बाइक पर सवार दो युवक आए और निरंजन से सिगरेट मांगी। बाहर बैठा निरंजन जैसे ही सिगरेट लेने के लिए दुकान में अंदर गया तो वैसे ही उसे पीछे से गोली मार दी गई। इसी बीच बदमाश उसके गल्ले में रखे 30 हजार रुपए लेकर जलेसर की तरफ भाग गए।
लहुलुहान निरंजन को बागला जिला अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने ही कोतवाली हाथरस गेट के एसएचओ मनोज शर्मा जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां पर पुलिस ने घायल से पूरे मामले की जानकारी ली। यहां से घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच लोगों से भी पूछताछ की।