संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
विद्युत खंड चतुर्थ के संविदा कर्मियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी जैतई रोड स्थित विद्युत कार्यालय परिसर में पूर्ण कार्य बहिष्कार जारी रखा गया और शांतिपूर्वक धरना दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि आउटसोर्सिंग के जरिये कर्मचारियों की तैनाती कर सबस्टेशनों का संचालन, लाइनों का अनुरक्षण, मीटर रीडिंग, ट्रांसफॉर्मरों की रिपेयरिंग, कंप्यूटर ऑपरेटरिंग जैसे कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन वेतन के रूप में महज छह हजार रुपये से 9,700 रुपये तक दिए जा रहे हैं।
मांग की गई कि सभी आउटसोर्सिंग कर्मियों की न्यूनतम मजदूरी 18 हजार रुपये निर्धारित कर समय-समय पर दिए जाने वाले हितों का लाभ दिया जाए। समान कार्य समान वेतन दिया जाए। कर्मचारियों के ईपीएफ और ईएसआई में हुए घोटालों की जांच कराई जाए।
पेट्रोल और मोबाइल का भत्ता दिया जाए। कर्मचारियों को हटाने व स्थानांतरण के नाम पर की जा रही धन उगाही की जांच कराई जाए। कर्मचारियों के साथ अभद्रता व मारपीट व गाली-गलौज करने पर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए।
इस मौके पर अरविंद कुमार, सुरेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह, अनीष कुमार, चंद्रवीर सिंह, कमल सिंह, कृष्णकांत शर्मा, छोटेलाल, रूपेंद्र कुमार, हरिज्ञान, ओमी, रघुवीर सिंह, खुशीराम, भीमसेन, अनिल कुमार, सतीश कुमार, गीतम सिंह, मुकेश कुमार, प्रवीण कुमार, आसिफ खान आदि संविदा कर्मी मौजूद रहे।