संवाद न्यूज एजेंसी, मुरसान।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान पर एक नर्स पर अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। साथ ही एक शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि नर्स को जब अतिरिक्त रुपये नहीं दिए गए तो उसने एक डिलीवरी में लापरवाही कर दी। इससे एक शिशु की मौत हो गई।
क्षेत्र के गांव कोरना निवासी ताबिर खान ने शिकायत में कहा है कि 16 अगस्त को वह अपनी पत्नी को डिलिवरी के लिए मुरसान स्वास्थ्य केंद्र लेकर गया था। स्वास्थ्य केंद्र पर एक नर्स द्वारा उससे पैसों की मांग की गई। जिसके चलते उसने नर्स को छह सौ रुपये दे दिए थे। लेकिन नर्स और पैसे मांगने लगी। आरोप है कि अन्य पैसे न मिलने पर नर्स ने लापरवाही कर दी।
जिससे उसके बच्चे की मृत्यु हो गई। नर्स द्वारा की गई लापरवाही की शिकायत ताबिर ने संबंधित अधिकारियों व मुख्यमंत्री पोर्टल पर की है। मुरसान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डिलीवरी के दौरान पैसे लेने व लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने का यह कोई पहला मामला नहीं है।
गांव अहरई के रहने वाले दिगंबर ने भी पत्नी की डिलीवरी के दौरान नर्स द्वारा मांगे गये पैसों की शिकायत अधिकारियों के साथ पोर्टल पर की है। आये दिन नर्स द्वारा किए गए इन कारनामों की शिकायत लगातार हो रहीं हैं।
लेकिन अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। मुरसान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉक्टर वरुण चौधरी का कहना है कि नर्स की शिकायत मिली है। जांच की जा रहा है, अगर नर्स दोषी पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।