हाथरस : करंट से झुलसे युवक का जिला अस्पताल में होता उपचार। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रेलवे की बिजली की लाइन ठीक करते वक्त न्यू हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर एक संविदा कर्मी करंट लगने से बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद उसके साथी उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया।
सासनी क्षेत्र के गांव रूहल निवासी शमसुद्दीन पुत्र रामग्या रेलवे में संविदा पर काम करते हैं। शुक्रवार को वह न्यू हाथरस रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की बिजली की लाइन को ठीक कर रहे थे। तभी उन्हें करंट का जोरदार झटका लगा और वह बुरी तरह झुलस गए। यह देखकर मौके पर मौजूद कर्मचारी घबरा गए।
आनन-फानन झुलसे हुए व्यक्ति को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। उसके परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए।