न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी से दवाओं की उपलब्धता, एंबूलेंस, विशेष सर्विलांस अभियान की प्रगति, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, वेक्टर जनित रोग, आयुष्मान गोल्डन कार्ड के बनाने आदि के बारे में जानकारी ली। आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने की प्रगति धीमी होने पर नाराजगी जताई। पशुपालन विभाग द्वारा चलाई जा रही सहभागिता योजना तथा टीकाकरण में प्रगति संतोषजनक न होने पर सुधार लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने एक्सईएन लोक निर्माण विभाग को जर्जर एवं खराब सड़कों की सूची तैयार करते हुए उपलब्ध कराने और खराब सड़कों को गड्डा मुक्त कराने के निर्देश दिए। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत प्राथमिक विद्यालयों में जिला पंचायतराज विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति संतोषजनक न होने पर डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से इस बारे में जानकारी ली।
डीएम ने अमृत योजना, सामूहिक विवाह योजना, शादी अनुदान योजना, ग्रामीण व शहरी आवास योजना, मनरेगा, पोषण मिशन, ग्रामीण विद्युतीकरण की स्थिति का जायजा लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मानक एवं गुणवत्ता सहित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के लिए प्रभावी रणनीति बनाकर अमल में लाए।