न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
वन विभाग ने अगले साल जिले में रोपे जाने वाले पौधों की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश भर में 37 करोड़ पौधों का रोपण किया जाएगा। आगामी योजना को लेकर बुधवार को वन विभाग की संरक्षक अदिति शर्मा ने सुसायत वन व हतीसा नर्सरी का निरीक्षण किया। इस दौरान पौधों को देखा। कंजरवेटर के आगमन को लेकर वन विभाग के अफसरों में खलबली मची रही।
उल्लेखनीय है कि वन विभाग द्वारा इस साल जिले में करीब 23 विभागों की मदद से 26 लाख पौधों का रोपण किया है। इनकी जीओ टैगिंग के माध्यम से मॉनिटरिंग भी की जा रही है। बुधवार को वन विभाग संरक्षक अदिति शर्मा ने सुसायत वन में पौधों का हाल जाना। उसके बाद अफसरों के साथ हतीसा नर्सरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाले पौधे तैयार किए जाए, जिससे विभागों से शिकायत न आए। पौधों के रखरखाव व सिंचाई आदि के बारे में जानकारी की। इस दौरान डीएफओ सीपी सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी एसआर ओझा आदि थे। संवाद