न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्तगी की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को शहर के तालाब चौराहे पर कांग्रेसियों ने नारेबाजी करते हुए धरना दिया। इस दौरान कांग्रेसियों ने अजय मिश्रा का पुतला फूंका तो उनकी पुलिस से झड़प भी हुई।
तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेसियों ने यहां गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्तगी को लेकर तालाब चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव प्रभारी अमित सिंह ने कहा पूरे देश की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। महंगाई चरम सीमा पर है। जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि जिस मंत्री के बेटे ने किसानों को सरेआम गाड़ी से कुचला हो, उस मंत्री को पद पर बने रहने का अधिकार नही है।
इस मौके पर बीना गुप्ता एडवोकेट, कृष्णा गुप्ता, निखिलवर्ती पाठक, रतन सिंह दिवाकर, अनुज कुमार संत, हरीशंकर वर्मा, प्रदीप तैनगुरिया, पवन पंडित, मथुरा प्रसाद, जितेंद्र गौतम एडवोकेट, पप्पू कुरैशी, नावेद खान, पं. संतोष शर्मा, दिनेश चौधरी, दिनेशचंद्र चौहान आदि थे। संवाद