न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को लंबित और अवशेष निमार्ण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अमृत योजना,अपशिष्ट प्रबंधन, ग्रामीण आवास योजना, मनरेगा, पेंशन/छात्रवृत्ति, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन, नई सड़कों का निर्माण, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, कन्या सुमंगला योजना, पोषण अभियान, बेसिक शिक्षा विभाग ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों की प्रगति जानी।
डीएम ने उप कृषि निदेशक को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के चल रहे सर्वे कार्य में अपात्र और मृतक व्यक्तियों का डाटा पोर्टल से हटाने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता सिंचाई को नहरों और रजबहों की पटरियों पर पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) लोक निर्माण विभाग को नई सड़कों और अवशेष पुलों के निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए पूर्ण कराने और मरम्मत कार्य को तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए। अपर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिले में अस्थायी व अन्य गो आश्रय स्थल 39 हैं। इनमें 12,500 निराश्रित गोवंश को संरक्षित किया गया है और अवशेष निराश्रित गोवंश को संरक्षित करने के लिए कार्यवाही की जा रही है।
सहभागिता योजना के अंतर्गत 1,342 के सापेक्ष 1,361 मवेशियों की सुपुर्दगी दी जा चुकी है। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को कुपोषित और अति कुपोषित श्रेणी के बच्चों का आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से लगातार समय-समय पर सर्वे कर वजन कराने, उनकी लंबाई की जांच कराने के निर्देश दिए। डीएम ने जिले में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय कुरसंडा, ब्लॉक हसायन में राजकीय बालिका छात्रावास रति का नगला, राजकीय बालिका छात्रावास सिकंदराराऊ, अग्निशमन केंद्र सासनी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान का सुदृढ़ीकरण, राजकीय आईटीआई मेंडू, सहपऊ में जलेसर रोड पर रेल ऊपरगामी सेतु के निर्माण, हसायन के गांव मथुरापुर और भरतपुर में मिनी स्टेडियम के निर्माण, सिकंदराराऊ के गांव मऊ चिरायल में आश्रम पद्धति के विद्यालय, आईटीआई सादाबाद, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज छात्रावास के निर्माण की प्रगति जानी। कार्यदायी संस्थाओं से यह सभी काम जल्द से जल्द पूरा कराने को कहा।