गांव मोतीगढ़ी में मृतक कमांडों के परिवार में शोक ग्रस्त महिलाएं।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
थाना टप्पल क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर रविवार को हुए सड़क हादसे में क्षेत्र के गांव मोतीगढ़ी के रहने वाले सेना के एक जवान (कमांडो) की मौत हो गई थी। सोमवार को जब गांव मोतीगढ़ी में जवान का पार्थिव शरीर आया तो अंतिम दर्शनों के लिए भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पार्थिव शरीर को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। सैन्य सम्मान के साथ कमांडो का अंतिम संस्कार किया गया। सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
गौरतलब हो कि सादाबाद क्षेत्र के गांव मोतीगढ़ी निवासी नेत्रपाल सिंह का करीब 28 वर्षीय बेटे भूपेंद्र सेना में कमांडो था। उसकी तैनाती गुरुग्राम हरियाणा में थी। रक्षाबंधन पर्व पर वह घर आया हुआ था, वह अपने मथुरा के रहने वाले एक दोस्त के साथ कार से ससुराल जा रहा था तो इसी दौरान थाना टप्पल क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस पर उसकी कार आगे जा रहे एक कंटेनर में जा घुसी, जिससे कार सवार भूपेंद्र और उसके दोस्त की मौके पर ही मौत हो गई।
जब इस घटना की जानकारी परिवार के लोगों को हुई तो उनमें कोहराम मच गया। मानेसर हरियाणा और मथुरा से आए कमांडो व सैनिकों की टुकड़ी द्वारा भूपेंद्र को सैन्य सम्मान, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई। तिरंगें को मृतक कमांडो के पिता को सौंपा गया।
अंतिम संस्कार के वक्त वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखों से आंसू निकल रहे थे। बताते हैं कि करीब छह साल पहले ही भूपेंद्र की शादी हुई थी। पूर्व विधायक प्रताप चौधरी, कुरसंडा प्रधान पति रूपेंद्र सिंह नंबरदार व अन्य काफी लोग भी मौके पर मौजूद रहे।