हाथरस : बिलारा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते नायब तहसीलदार राकेश चंद्रा।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
डीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार राकेश चंद्रा ने बुधवार को मई, बिलारा, ऊंचागांव और बिसावर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों पर सफाई व्यवस्था बदहाल मिली।
नायब तहसीलदार ने बताया कि मई में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुला पाया गया। यहां सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। गांव बिलारा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर निरीक्षण में पता चला कि यहां किसी चिकित्सक की तैनाती नहीं है। सिर्फ एक फार्मासिस्ट की तैनाती है। सफाई की व्यवस्था यहां भी संतोषजनक नहीं मिली।
कस्बा बिसावर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पता चला कि यहां तैनात चिकित्सक 22 अप्रैल तक आगरा में प्रशिक्षण पर चल रहे हैं। गांव ऊंचागांव के पीएचसी पर दो चिकित्सकों की तैनाती है। यहां बताया गया कि एक चिकित्सक दिन में और दूसरे रात में ड्यूटी करते हैं। नायब तहसीलदार ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि वह मरीजों के साथ सद्व्यवहार करें। इस मौके पर लेखपाल नरेंद्र देव भी मौजूद रहे।