संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कस्बे के मोहल्ला व्यापारियान भुल्लन गली में बृहस्पतिवार की सुबह कुछ लोगों ने नगर पंचायत के एक सफाई कर्मचारी से मारपीट कर दी। आरोपियों ने उसे जूते-चप्पलों से पीटा और गाली-गलौज भी की। इस मामले में कस्बे के मोहल्ला मथुरापुरी निवासी धर्मेंद्र पुत्र पतर सिंह ने सादाबाद कोतवाली में सोहिद पुत्र अतीकुर्रहमान और उसके परिजनों के खिलाफ धारा 323, 504, 506 और अनुसूचित जाति और जनजाति अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट में धर्मेंद्र ने बताया कि वह नगर पंचायत सादाबाद में सफाई कर्मचारी है। 19 अगस्त की सुबह वह अपने हल्के में सफाई कार्य करने गया था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे मोहल्ला व्यापारियान गली भुल्लन सादाबाद में सफाई कार्य कर रहा था। इसी दौरान सोहिद अपने घर से बाहर आया और सफाई कार्य ठीक से न करने की बात कहते हुए अभद्रता करते हुए गाली गलौज देने लगा।
इसी दौरान सोहिद व वहां आए उसके परिवारीजनों ने उसे पकड़ कर बुरी तरह से जूता, चप्पल और लाठी डंडों से मारापीटा। उन्होंने धमकी दी कि यदि तूने हमारे खिलाफ कार्रवाई की तो तुझे देख लेंगे। मारपीट के दौरान शोर सुनकर आए सफाई कर्मी रामकिशोर और प्रमोद ने उसे बचाया। उसे भय है कि कहीं यह लोग ड्यूटी के दौरान उसके साथ कोई घटना न कर दें।
सफाई कर्मियों ने घेरी कोतवाली, हड़ताल पर जाने की दी चेतावनी
सफाई कर्मी को पीटने और अभद्रता करने की घटना के बाद साथी सफाई कर्मी आक्रोशित हो गए। सभी सफाई कर्मी एकत्रित होकर कोतवाली पर पहुंच गए और आरोपी युवक को गिरफ्तार करने और उस पर कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली का घेराव कर लिया। आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने कोतवाली के पास जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपी युवक पर कार्रवाई न होने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दे दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पर चेयरमैन रविकांत अग्रवाल और ईओ लल्लनराम यादव भी पहुंच गए। इन्होंने सफाई कर्मियों को समझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफाई कर्मचारी उक्त आरोपी युवक पर कार्रवाई करने की मांग पर अड़े रहे। लिहाजा, पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक और उसके परिवार वालों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़ित सफाई कर्मी का चिकित्सीय परीक्षण कराया, तब जाकर सफाई कर्मी कोतवाली से हटे।