संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
लेखपाल की मनमानी के विरोध में अखिल भारतीय प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष और ग्राम पंचायत कजरौठी के प्रधान महाराज सिंह ने कई प्रधानों के साथ बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में भूख हड़ताल और धरना प्रदर्शन किया।
मौके पर एसएचओ डीके सिसौदिया और एसडीएम अंजली गंगवार पहुंच गए और प्रधानों को लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद प्रधानों ने आठ अक्तूबर तक लेखपाल पर कार्रवाई न होने पर नौ अक्तूबर से फिर से धरना प्रदर्शन और भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीके सिसौदिया ने ग्राम प्रधान महाराज सिंह को जूस पिलाकर उनका धरना प्रदर्शन और भूख हड़ताल को समाप्त कराया। ग्राम प्रधान महाराज सिंह द्वारा पिछले दिनों एसडीएम और डीएम को दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया था कि उनकी ग्राम पंचायत का एक व्यक्ति सत्तन जो कि काफी गरीब और दिव्यांग है और उसके पास न तो घर है और न खेती।
बच्चे भी कमाने लायक नहीं है। उसका क्षेत्रीय लेखपाल ने 60 हजार रुपये साल की आमदनी का प्रमाण पत्र बना दिया है। आरोप है कि जब उन्होंने इस बाबत लेखपाल से कहा तो उसने दुर्व्यवहार किया। उन्होंने पत्र में लेखपाल पर कार्रवाई की मांग की थी।
धरना प्रदर्शन करने वालों में प्रवीन पौनियां, राजकुुमार प्रधान, रवि कुमार, रनवीर सिंह, नीरज कुमार, साबिर मलिक, निसार अली, पोप सिंह, वीरेंद्र, अनिल कुमार, धर्मपाल सिंह, मुकेश कुमार, रामबाबू, बॉबी, राकेश, सत्यवीर, राजेश, रंधीर, बलवीर सिंह, जयपाल, रघुनाथ, शरीफ खां, सुरेश, राकेश, मन्ना चौधरी आदि थे।