संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
ग्राहक जागरण सप्ताह के अंतर्गत आरबी गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेज बढार सादाबाद में मंगलवार को ग्राहक जागरण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के राष्ट्रीय सदस्य भगवती प्रसाद शर्मा ने बताया कि हमें दुकानदारों से समान खरीदते समय उसका बिल अवश्य लेना चाहिए। सामान की एक्सपायरी डेट चेक करनी चाहिए और एमआरपी से ज्यादा मूल्य का भुगतान नहीं करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि बिजली बिल को भुगतान करने से पहले अपने मीटर की रीडिंग चेक करनी चाहिए, जिससे यह पता लग सके कि विद्युत बिल हमारी मीटर रीडिंग से ज्यादा तो नहीं है। गैस सिलिंडर लेते समय उसकी सील और वजन चेक करना चाहिए।
प्रांतीय सह संगठन मंत्री राजेंद्र कुमार अग्रवाल एडवोकेट ने कहा कि ग्राहक पंचायत पांच आयाम पर काम कर रही है जिसमें शिक्षा, आहार, व्यवहार, आवास, आरोग्य, और एक नारा भी है शुद्धि के लिए युद्ध शामिल है।
अध्यक्षता राम हरी चाहर और आभार कॉलेज के डायरेक्टर धर्मेंद्र गौतम द्वारा किया गया। मौके पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिला मंत्री राज कुमार पाराशर, जिला कोषाध्यक्ष सुरेश चंद वार्ष्णेय, राजेंद्र धाकरे, शकुंतला गौतम आदि थे।
छात्राओं को दी ग्राहक अधिकारों की जानकारी
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत हाथरस द्वारा ग्राहक जागरूक दिवस का आयोजन मंगलवार को सुभाष गली स्थित श्री महाराजा अग्रसेन गर्ल्स इंटर कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम में ग्राहक पंचायत के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भगवती प्रसाद शर्मा ने छात्राओं को ग्राहक के अधिकारों के बारे अवगत कराया।
अध्यक्षता कॉलेज के उपाध्यक्ष समाजसेवी हरी प्रकाश लोहिया तथा संचालन एडवोकेट राजेंद्र कुमार अग्रवाल प्रांतीय सह संगठन मंत्री ने किया। कॉलेज प्रधानाचार्य रजनी सिंह ने आभार जताया।
कार्यक्रम में जिला मंत्री राज कुमार पाराशर, जिला कोषाध्यक्ष सुरेश चंद वार्ष्णेय व शिक्षिका मंजेश लता सिंह, मंजू सिंह चौहान, यशिका वार्ष्णेय, सुधा, वंदना अस्थाना, शीतेश आदि उपस्थित थे।