न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मंडी समिति के सचल दल द्वारा कर चोरी करने वाले वाहनों की सख्त निगरानी की जा रही है। सोमवार को मंडी सचिव द्वारा इगलास से सासनी होते हुए दिल्ली जा रहे 100 क्विंटल आलू को
कर चोरी के शक में पकड़ा है। मंडी प्रशासन ने आलू ले जाने वालों से 39 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया है। कार्रवाई से आलू ले जाने वालों में खलबली मची रही।
जिले में बड़े पैमाने पर आलू की पैदावार होती है। हर रोज बड़े पैमाने पर आलू जिले से बाहर भी भेजा जाता है। मंडी के सचल दल द्वारा इस आलू पर कर की चोरी रोकने के लिए चेकिंग की जा रही है।
सोमवार की शाम को इगलास से सासनी होते हुए दिल्ली के लिए 100 क्विंटल आलू लेकर जा रही गाड़ी को कर्मियों ने रोका।
चेकिंग के दौरान मंडी कर अदायगी से संबंधित कोई कागजात नहीं मिला। मंडी सचिव यशपाल सिंह का कहना है दिल्ली जा रही गाड़ी को चेक किया गया था, जिस पर मंडी कर अदायगी से संबंधित कोई कागजात नहीं था। 39 हजार रुपये का जुर्माना वसूला किया गया है।