न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में बने पंचायतघरों में फर्नीचर व अन्य सामान खरीद के लिए शासन स्तर से बजट जारी कर दिया गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 1.75 लाख रुपये की धनराशि से फर्नीचर और अन्य सामान खरीदा जाएगा। दूसरी ओर एक ही फर्म से फर्नीचर व अन्य सामान की खरीद को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
शासन के निर्देश पर सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों का निर्माण किया गया है। जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत घर जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं, उनको भी दुरुस्त करा दिया गया है। शासन के निर्देश पर जिले में 184 नये पंचायत घरों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष विभाग की ओर से 112 पंचायत घरों का पूर्ण निर्माण होने की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है।
अब इन ग्राम पंचायतों में फर्नीचर व अन्य सामान की खरीद के लिए शासन की ओर से ग्राम पंचायतों को बजट मुहैया करा दिया गया है। दूसरी ओर ग्राम पंचायतों में एक ही फर्म से खरीद को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं जोरों पर हैं। डीपीआरओ जीडी जैन ने बताया कि पंचायत घरों को शासन के निर्देश के क्रम में तैयार किया जा रहा है, ताकि इन्हें जल्द से जल्द मिनी सचिवालय के रूप में संचालित कराया जा सके। संवाद