न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों की ड्यूटी गर्मी की छुट्टियों में लगाने पर नाराजगी जताई है। इसे लेकर डीएम के नाम बीएसए को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में शासन के ग्रीष्मावकाश के आदेश का पालन कराए जाने की मांग की गई है।
,
बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों की ड्यूटी कंट्रोल रूम में ग्रीष्मावकाश के दौरान भी लगी हुई है। इसका शिक्षक संघ द्वारा विरोध किया जा रहा है। इसे लेकर प्रदेश संगठन के आह्वान पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने बीएसए को डीएम के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें ग्रीष्मावकाश के आदेश का उल्लंघन पर शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने का विरोध किया गया है और आदेश का नियमानुसार पालन कराए जाने की मांग की गई है।
इसके अलावा शिक्षकों की अन्य समस्याओं को भी ज्ञापन के माध्यम से बीएसए के सामने रखा गया, जिसमें कहा गया कि कुछ शिक्षकों को अधिसंख्य पद पर दर्शाते हुए उनका वेतन जारी नहीं किया जा रहा है, जबकि इस प्रक्रिया में अध्यापक का दोष न होते हुए भी उनका वेतन नहीं निकाला जा रहा है। ऐसे शिक्षकों का वेतन कार्यरत विद्यालयों से ही निकाले जाने की मांग की गई है।