न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर इलाके की बांसमंडी चौराहे पर बाइक सवारों को पुलिस कर्मियों ने रोका तो उनके बीच कहासुनी हो गई। बात इतनी आगे बढ़ गई कि बाइक सवार व पुलिस कर्मियों के बीच मारपीट होने लगी। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसमें दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार की देर रात को कोतवाली सदर के एसआई अमित प्रताप अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान बांसमंडी चौराहे पर एक बाइक रुकी। पुलिस कर्मियों ने बाइक के कागजात मांगे तो बाइक पर सवार तीनों लोग भड़क गए। यहां पर पुलिस कर्मियों व बाइक सवार विकास पुत्र नवनीत निवासी अईयापुर, कृष्णा पुत्र बाबा निवासी जानकी नगर श्रावस्ती, रिषभ अग्रवाल पुत्र राजेंद्र अग्रवाल निवासी डाकखाना वाली गली के बीच गाली-गलौज होने लगी।
हाथापाई होने पर उनके बीच मारपीट हो गई। यहां एक होमगार्ड घायल होने की बात बताई गई है। इस मामले में तीनों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपी विकास व कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।