न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
सासनी-घंटरबाग मार्ग पर ग्राम जसराना और विघैपुर के बीच शुक्रवार की देर शाम को एक बाइक सड़क के किनारे खड़े पीपल के पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक के 18 वर्षीय चालक हरवेश पुत्र वासुदेव निवासी इटरनी थाना हसायन की मौके पर ही मौत हो गई और तीन वर्षीय मयंक पुत्र योगेश ने अलीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों आपस में रिश्तेदार थे। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही राहगीर उसे उपचार के लिए लेकर हाथरस गए। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी कर रही है।
दरअसल, हसायन थाना क्षेत्र के ग्राम इटरनी निवासी हरवेश ग्राम विघैपुर के माजरा भीम नगरिया में अपनी बुआ के घर आया हुआ था। शुक्रवार की शाम को बाइक में पेट्रोल कम होने के कारण वह पेट्रोल लेने के लिए बाइक से सासनी आ रहा था। बाइक पर एक तीन वर्षीय बच्चा मयंक पुत्र योगेश बैठा हुआ था। बताते हैं कि गांव से सासनी आते समय कोई जानवर बाइक के सामने आ गया, जिससे बाइक असंतुलित होकर सड़क के किनारे खडे़ पीपल के पेड़ से टकरा गई, जिससे हरवेश की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर भीड़ जमा हो गई। हालांकि इस दौरान उसकी पहचान नहीं हुई थी, लेकिन ग्रामीण उसको उपचार के लिए लेकर दौड़ पडे़। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण दरवेश को लेकर हाथरस चले गए थे। समाचार लिखे जाने तक दुर्घटना की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। बाइक पर बैठा मासूम मयंक घायल हो गया। उसे बागला जिला चिकित्सालय हाथरस ले जाया गया। वहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान मयंक ने भी दम तोड़ दिया।