हाथरस : मोक्षधाम में मधुमक्खियों के हमले से घायल व्यक्ति को सीएचसी से उपचार कराकर ले जाते परिजन।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
नगर के बिजलीघर रोड स्थित मोक्षधाम श्मशान घाट में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। मोक्षधाम में जैसे ही चिता को मुखाग्नि दी गई, वैसे ही उसके धुएं से उड़ी मधुमक्खियों ने वहां मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया। मधुमक्खियों के अचानक इस हमले से कई लोग घायल हो गए। एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे सीएचसी पर उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया।
बीज विक्रेता संजीव गोयल की माताजी गायत्री देवी का निधन बृहस्पतिवार की शाम को हो गया था। शुक्रवार की सुबह बाजार से होती हुई उनकी शवयात्रा नगर के बिजलीघर रोड स्थित मोक्षधाम में पहुंची। वहां जैसे ही चिता को मुखाग्नि दी गई, वैसे ही चिता से उठता धुआं वहां पानी की टंकी पर लगे एक मधुमक्खी के छत्ते तक पहुंच गया। इससे मधुमक्खियों ने वहां मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले का किसी को अंदेशा तक नहीं था।
लिहाजा मौके पर अफरातफरी मच गई। मधुमक्खियों के हमले में संजीव गोयल के चाचा मुकेश गोयल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उन्हें आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। बब्बल और कुक्कू के अलावा अन्य और भी लोगों को मधुमक्खियों ने काट खाया। बताते हैं कि करीब 15 दिन पहले भी ऐसी ही एक और घटना मोक्षधाम में घटित हुई थी।