न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
इस बार होली के त्योहार पर हाथरस डिपो के चालक-परिचालकों पर लक्ष्मी मेहरबान होंगी। डिपो के 130 नियमित कर्मियों को होली पर खर्च के लिए पांच हजार रुपये की धनराशि दी जाएगी। मुख्यालय का आदेश आने के बाद अधिकारी इसकी तैयारी में जुट गए हैं। इसके अलावा चालक-परिचालकों को प्रोत्साहन योजना के तहत भी बसों के संचालन पर अलग से इनाम मिलेगा।
होली के पर्व को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम द्वारा कर्मियों को होली खर्च के लिए कर्मचारी को बकाया महंगाई भत्ते की किस्त में से पांच हजार रुपये की धनराशि दी जाएगी, जिससे कर्मी आसानी से होली का पर्व मना सकें। संविदा कर्मियों को फरवरी 2021 के देय वेतन का भुगतान भी होली से पहले किया जाएगा। इस आदेश के बाद रोडवेज कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।