संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्ची का शव नहर में मिलने के मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बच्ची को सोते हुए उठाकर ले गया था और उसके साथ गलत काम में विफल रहने पर उसका मुंह दबा दिया, जिससे बच्ची बेहोश हो गई और फिर अभियुक्त ने उसे नहर में फेंक दिया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने इस मामले का खुलासा किया है।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव सूजिया के निकट नहर में 10 वर्षीय एक बच्ची का शव मिला था। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। शव की शिनाख्त के लिए परिजनों को मौके पर बुलाया गया। शिनाख्त के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की।
फॉरेंसिक एक्सपर्ट और सर्विलांस टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई। इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया। एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया।
बृहस्पतिवार को थाना हाथरस जंक्शन पुलिस व एसओजी टीम ने आरोपी चंद्रपाल कुशवाहा पुत्र गंगाराम कुशवाहा निवासी महमूदपुर थाना सिकंदराराऊ जनपद हाथरस को रुहेरी रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि पैनल द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट न होने के कारण डॉक्टरों द्वारा शव के कुछ नमूने व स्लाइड्स परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आना बाकी है। एफएससी रिपोर्ट जल्द प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई कर कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा जाएगा और अभियुक्त को सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
अभियुक्त ने किया घटना का इकबाल
अभियुक्त चंद्रपाल कुशवाहा मूल रूप से ग्राम महमूदपुर थाना सिकंदराराऊ का रहने वाला है। वर्तमान में वह थाना हाथरस गेट क्षेत्र के लेबर कॉलोनी में किराये के मकान में रहता है। अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि 22 अगस्त को वह अपनी बहन के घर सुभाष नगर मेंडू थाना हाथरस जंक्शन आया था।
उसके द्वारा 22-23 अगस्त की रात्रि में शराब के नशे में इस घटना को अंजाम दिया गया। अभियुक्त सोती हुई बच्ची को उठाकर ले गया और रेलवे लाइन के पास उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। बच्ची के चिल्लाने पर उसका मुंह दबा दिया गया, जिससे बच्ची बेहोश हो गई और फिर अभियुुक्त ने उसे नहर में फेंक दिया। संवाद
शातिर किस्म का अपराधी है चंद्रपाल
अभियुक्त चंद्रपाल कुशवाहा शातिर किस्म का अपराधी है। वह पूर्व में कई बार जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध हाथरस के अलावा जनपद कासगंज में भी डकैती, चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी एक्ट, एनडीपीएस एक्ट आदि संगीन धाराओं में कई अभियोग पंजीकृत हैं। संवाद
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव यादव थाना हाथरस जंक्शन, प्रभारी एसओजी गिरीशचंद्र गौतम, एसआई प्रमोद कुमार शर्मा, एसआई अमित कुमार, एचसी शीलेश कुमार, जवाहर लाल, जगदीश, रमन कुमार, चेतन राजौरा, सोनवीर, जोगेंद्र सिंह, नवनीत, विपिन, शिवकुमार, प्रवीण कुमार आदि शामिल थे। संवाद