संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
सहपऊ क्षेत्र में बुखार से मरने वालों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को ही बुखार से तीन लोगों की मौत हुई थी। अब सोमवार को भी एक नौ वर्षीय किशोर की बुखार से मौत हो गई। इसके साथ ही क्षेत्र में बुखार से मरने वालों की संख्या आठ हो गई है।
जानकारी के मुताबिक गांव मकनपुर निवासी शिवलेश सिंह राणा के पुत्र ऋतिक कुमार राना (09) को चार दिन पहले बुखार आया था। परिजन ने उसे इलाज के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती करा दिया। सोमवार की सुबह जब उसकी हालत अधिक खराब होने लगी तो परिजन उसे आगरा ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना पर गांव में शोक लहर दौड़ गई। शाम को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। क्षेत्र में बुखार से हो रही लगातार मौतों से लोगों में दहशत का माहौल है। सरकारी व निजी अस्पतालों में भी मरीजों की भीड़ लगी हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम शिविर लगाकर जांच भी कर रही है उसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है।