दिव्यांग सुरेश चंद्र के घर पर जाकर वोट डलवाती टीम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पहली बार दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं ने बुधवार को घर बैठे ही मतदान किया। 33 टीमों ने घर-घर जाकर बुजुर्गों व दिव्यांगों से मतदान करवाया। डाक मत पत्र से मतदान कर दिव्यांगों व बुजुर्गों ने इस पहल के लिए चुनाव आयोग को धन्यवाद दिया।
इस दौरान माइक्रो ऑब्जर्वर की निगरानी में पूरी मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। बता दें कि, जिले में तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान होना है। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए इस बार दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं के लिए चुनाव आयोग ने घर से ही मतदान करने की व्यवस्था की थी।
इसके लिए जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया गया था जो बूथ पर आने में असमर्थ थे। बुधवार को माइक्रो ऑब्जर्वर के साथ पीठासीन अधिकारी, मतदान कार्मिक, पुलिस कर्मी व अन्य कार्मिकों ने घर-घर जाकर डाक मत पत्र से मतदान करवाया।
सभी मतपत्र को कोषागार में जमा कर दिया गया है। हाथरस विधानसभा सीट पर 48 में से 47 मतदाताओं ने घर से मतदान किया। एक मतदाता का लिस्ट में नाम था लेकिन उनकी मृत्यु हो चुकी थी।