संदिग्ध अवस्था में मृत विवाहिता का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर से सटे गांव ढकपुरा में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने पति पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव ढकपुरा निवासी दिनेश उपाध्याय की शादी कोतवाली सदर इलाके के मोहल्ला पथवारी निवासी 38 वर्षीय ज्योति उर्फ ममता के साथ वर्ष 2000 में हुई थी। बुधवार की शाम को ज्योति अपनी ससुराल में एक कमरे में अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी।
यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए और उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी होने पर ज्योति के मायके के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने पति पर ज्योति की हत्या करने का आरोप लगाया।
मायके पक्ष के लोगों का आरोप था कि पति उसे मारता-पीटता था और 20 साल से परेशान कर रहा था। ज्योति का एक 19 साल का बेटा और एक 15 साल की बेटी है। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही पुलिस जिला अस्पताल पहुंच गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली हाथरस गेट के एसएचओ डीके शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल इस मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है। जांच की जा रही है।