हाथरस : बाइक को टक्कर मारने के बाद कोतवाली पर खड़ी रोडवेज बस। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)।
एटा रोड पर रविवार की दोपहर को एक रोडवेज बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। बाइक सवार सड़क पर गिर गए और जख्मी हो गए। दुर्घटना के बाद चालक-परिचालक बस को कोतवाली के पास खड़ा कर भाग गए। यात्रियों को काफी देर तक परेशान होना पड़ा। यात्रियों ने एटा डिपो के टोल फ्री नंबर पर फोन पर मदद की गुहार लगाई, लेकिन हर उनको टरकाया जाता रहा।
बता दें कि एटा डिपो की बस दिल्ली के लिए सवारियों को भरकर रवाना हुई थी। एटा रोड पर गांव राजपुर के समीप बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार सड़क पर गिर गए और उनको चोटें आईं। बस के चालक-परिचालक इतने भयभीत हो गए कि बस को तेजी से चलाकर कोतवाली सिकंदराराऊ के पास खड़ा कर दिया और वहां से भाग गए। थोड़ी देर बाद बाइक सवार भी कोतवाली पर आ गए। उन्हें जब चालक-परिचालक नहीं मिले तो वे वापस चले गए।
यात्रियों ने बस में लिखे टोल फ्री नंबर पर फोन किया। वहां से हर बार कह दिया गया कि पांच मिनट में चालक-परिचालक पहुंच रहे हैं। रात बजे तक कोई चालक-परिचालक वहां नहीं पहुंचा। नतीजा, काफी इंतजार करने के बाद यात्री दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए निकल गए। कई यात्रियों को तो टिकट के बकाया पैसे भी नहीं मिल पाए। संवाद