न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रदेश के कारागार और होमगार्ड राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मवीर प्रजापति ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी, रोजगारपरक और गरीबी उन्नमूलन की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों से एक-एक विद्यालय को गोद लेकर उसे आदर्श विद्यालय बनाने की अपील की। ग्राम पंचायतों में अवैध कब्जे वाली भूमि को कब्जा मुक्त कराते हुए गोशालाओं में हरे चारे की उपलब्धता के लिए चरी की बुआई कराने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मिशन शक्ति के सफल क्रियान्वयन के लिए जिले में 14 एंटी रोमियो स्क्वायड का गठन किया गया है। महिला बीट अधिकारी अपनी-अपनी बीट में सरकार की लाभकारी योजनाओं के बारे में चौपाल लगाकर जागरूक कर रही हैं। महिला हेल्प डेस्क द्वारा महिलाओं से संबंधित शिकायतों का फीडबैक लेकर महिलाओं व बालिकाओं की समस्याओं का चौपाल लगाकर निस्तारण किया जा रहा है। राज्य मंत्री ने वन स्टॉप सेंटर का संचालन सुचारु रूप से कराने के निर्देश दिए। परियोजना निदेशक (पीडी) ने बताया कि जिले में 12,230 के सापेक्ष 12819 निराश्रित और बेसहारा गोवंश को 32 स्थायी और अस्थायी गोवंश आश्रय स्थलों के रूप में संरक्षित किया गया है। गोवंश के भरण-पोषण के लिए 31.91 लाख रुपये की धनराशि गोपालकों को उपलब्ध करा दी गई है।
राज्यमंत्री ने आवारा गोवंश को संरक्षित करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर अस्थायी गोशाला बनवाने के निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि स्कूल चलो अभियान के तहत प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूल में 28,729 विद्यार्थियों का नया प्रवेश दिलाने का लक्ष्य मिला है, जिसके सापेक्ष 30061 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है। मंत्री ने बीएसए को कक्षा 5 और 8 के बाद पढ़ाई छोड़ने वाले बच्चों को जन सहभागिता के माध्यम से अभियान चलाकर चिन्हित करते हुए पुन: अगली कक्षा में प्रवेश दिलाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि एक-एक विद्यालय को गोद लें। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में चिकित्सकों के 110 पद स्वीकृत है। जिसमें 56 चिकित्सक कार्यरत हैं। जिले में बाल रोग विशेषज्ञ एवं सर्जन की कमी के चलते मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डीएम रमेश रंजन, विधायक सदर अंजुला माहौर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राना पुलिस अधीक्षक विकास कुमार वैद्य, सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा, नगर महामंत्री अशोक गोला आदि मौजूद थे। संवाद