न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विकास भवन सभागार में योग सप्ताह व पखवाड़ा मनाए जाने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) साहित्य प्रकाश मिश्र ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। संबंधित विभागीय अधिकारियों को योग के बारे में ग्रामीणों को जागरूक करने व अन्य कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।
शासन के निर्देश पर जिले में 14 से 21 जून तक योगा सप्ताह व 15 जून से 30 जून तक योग पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसे लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां को तेज कर दिया गया है। सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र ने सभी बीडीओ, आयुष विभाग के चिकित्सक, शिक्षा विभाग, पंचायतराज विभाग और वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी योग सप्ताह व पखवाड़ा के तहत होने वाले कार्यक्रमों का खाका खींच लें। इस संबंध में अपने अधीनस्थों को भी निर्देश जारी कर दें। बेसिक शिक्षा अधिकारी को योग शिक्षकों को अपने-अपने स्कूल में अभिभावकों व बच्चों से योगासन कराने के लिए निर्देशित करने को कहा। 21 जून को होने वाले कार्यक्रम के लिए सभी विभागीय अधिकारियों से कार्ययोजना मांगी गई है। संवाद