न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
तहसील परिसर में मंगलवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अध्यक्षता डीएम रमेश रंजन ने की। सभी जिला स्तरीय अफसरान मौजूद रहे। पिछले तहसील दिवस में मिली शिकायतों की समीक्षा की गई। 123 शिकायतें आईं। इनमें से छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सर्वाधिक शिकायतें राजस्व से संबंधित मिलीं। नाली, चकरोड एवं ग्राम समाज की संपत्ति पर कब्जे की शिकायतें प्रमुख रहीं।
तहसील दिवस में जो शिकायतें मिलीं, उनमें राजस्व की 38, विकास की 26, विद्युत की 20, पुलिस की सात, पंचायतराज विभाग की छह, समाज कल्याण विभाग की चार और लोक निर्माण विभाग की शिकायतें शामिल हैं। ग्राम दरकौली के अभिषेक शर्मा ने मतदाता सूची में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक प्रभाव वाले लोगों ने अपने रिश्तेदारों और बाहरी लोगों के नाम मतदाता सूची में फर्जी आधार कार्ड के आधार पर शामिल कर लिए गए हैं, जबकि मूल निवासियों के नाम उनके क्षेत्र की मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।
बीएलओ और एसडीएम से कई बार शिकायत की गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ग्राम सहजपुरा के कई ग्रामीणों ने शिकायत की कि स्कूल के सामने पंचायतघर की जमीन है। वहां पहले से एक मंदिर बना हुआ है। इसी आरक्षित भूमि पर पंचायतघर का निर्माण कराया जाए। ग्राम दरियापुर के ओमप्रकाश ने भूमि पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत की है। इसके अलावा अन्य कई शिकायतें भी समाधान दिवस में आईं।
कस्बा के मोहल्ला छिपैटी निवासी कमला देवी ने कहा कि उनके पति की मृत्यु वर्ष 1990 में हो गई थी, लेकिन उन्हें आज तक पारिवारिक पेंशन नहीं दी गई है। उनके पति नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी थे। ग्राम रघनियां निवासी कालीचरण अपने पौत्र एवं पौत्री को साथ लेकर अधिकारियों के सामने पहुंचे। उन्होंने बताया कि इन बच्चों के माता-पिता ने आत्महत्या कर ली थी। नाबालिग बच्चों के भरण-पोषण की समस्या है। एसपी ने कोतवाल को समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर एसपी विनीत जायसवाल, सीडीओ आरबी भास्कर, सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर, पीडी एके मिश्रा, डीडी पवन वर्मा, एडी कृषि डिपिन कुमार, समाज कल्याण अधिकारी शिव कुमार, डीएसओ सुरेंद्र यादव, अधिशासी अभियंता तरनवीर सिंह, उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह, एसडीएम राजकुमार यादव, तहसीलदार निधि भारद्वाज, सीओ रुचि गुप्ता, एडीओ हरिमोहन शर्मा, श्रीनिवास पचौरी, फौरन सिंह, प्रभारी निरीक्षक गौरव सक्सेना आदि मौजूद थे