न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने को लेकर अब पंचायतराज विभाग ने कमर कस ली है। ग्रामीण इलाकों में तैनात सफाई कर्मियों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) जीडी जैन ने कहा है कि बिना कार्य के कोई भी सफाई कर्मी तैनाती स्थल को छोड़कर जिला मुख्यालय नहीं आएगा। जिला मुख्यालय पर घूमते पाए जाने पर संबंधित कर्मी का उस दिन का वेतन काटा जाएगा।
डीपीआरओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संज्ञान में आया है कि जिले में ग्रामीण इलाकों में तैनात सफाईकर्मी अक्सर तैनाती स्थल से गैरहाजिर रहते हैं। वह जिला मुख्यालय पर आने का हवाला देते हैं। जिले में संक्रामक रोगों को फैलने से रोकने व ग्रामीण क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सफाईकर्मियों द्वारा लगातार सफाई कार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि कोई भी सफाईकर्मी अपनी तैनाती स्थल को छोड़कर जिला मुख्यालय नहीं आएगा। जिला मुख्यालय पर घूमता पाए जाने की दशा में उस दिन के वेतन की कटौती की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के पहले व तीसरे शनिवार को दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक उपस्थित होकर अपनी समस्याओं से अवगत करा सकेंगे। उनकी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। संवाद