संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के ग्राम बगलघूंसा निवासी भूपेंद्र सिंह ने शनिवार को एसपी हाथरस और सादाबाद कोतवाली में तहरीर दी है। उसने तहरीर के माध्यम से गेहूं की फसल में आग लगाने का आरोप लगाया है।
तहरीर में भूपेंद्र ने बताया कि उन्होंने आगरा निवासी डाक्टर रवेन्द्र मोहन का गांव गुरसोटी स्थित आर्किड फार्म में साढ़े 28 वीघा जमीन बटाई पर ली थी, जिसमें उसने गेहूं की फसल बोई थी। 15 अप्रैल को थ्रेसर से निकालने के लिए फसल को एक जगह एकत्रित कर दिया था।
इसी दौरान गांव गुरसोटी का एक व्यक्ति अपने लड़के के साथ आया और गाली गलौज देकर कहने लगा कि बाहर से आकर यहां खेत बटाई पर लेता है, वह इस खेत को करना चाहता था। जब वह रात को खेत पर ही था, तभी उक्त दोनों ने रात करीब 1.50 बजे उसकी गेहूं की फसल में आग लगा दी।
उसने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को 112 नंबर पर कॉल कर दी, पुलिस मौके पर पहुंची तथा फायर ब्रिगेड की गाडी पहुंची, लेकिन तब तक फसल जलकर राख हो गई।