न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ/सादाबाद (हाथरस)।
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पिता ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
क्षेत्र के गांव सूमरा के रहने वाले सतेंद्र सिंह पुत्र बिजेंद्र सिंह ने कोतवाली में दी शिकायत में कहा है कि उन्होंने अपनी दोनों बेटियों की शादी फरवरी 2019 में आगरा जिले के गांव गढ़ी कालिया कागारौल निवासी सगे भाइयों के साथ की थी। शादी में खूब दान दहेज भी दिया गया था। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुरालीजन विवाहिताओं को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे, इसलिए तंग आकर सतेंद्र सिंह अपनी छोटी बेटी शिल्पा को दिसंबर 2021 में घर बुला लाया था, जबकि सविता ससुराल में ही रह रही थी।
इसके बाद से आरोपियों ने सविता को ज्यादा तंग करना शुरू कर दिया। आरोपियों का कहना था कि उनका बेटा सरकारी नौकरी करता है। उन्हें हैसियत के हिसाब से दहेज नहीं दिया गया है, इसलिए आए-दिन सविता के साथ मारपीट शुरू हो गई। सतेंद्र ने गांव के कुछ लोगों को ले जाकर आरोपियों को समझाने का प्रयास भी किया था, लेकिन वह नहीं माने और दहेज की मांग पर अड़े रहे। बुधवार को उन्हें सूचना मिली कि सविता की मौत हो गई है। सतेद्र सहित अन्य परिजनों ने जाकर देखा तो ससुराल वाले घर से फरार थे। सविता का शव फंदे से लटका हुआ था। सतेंद्र का आरोप है कि ससुरालीजनों ने मिलकर सविता की हत्या की है। संवाद