हाथरस : मुरसान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण के दौरान मौजूद आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्?
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के पांच केंद्रों पर बने दस बूथों पर शुक्रवार को 737 स्वास्थ्य कर्मी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कोरोना का टीका लगाया गया। टीकाकरण की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी रमेश रंजन व अन्य अधिकारियों ने सभी टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुगढ़ी में चल रहे कोविड-19 के टीकाकरण के प्रथम चरण के काम का निरीक्षण किया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (नगरीय) पर मौजूद प्रभारी डॉक्टर ने डीएम को बताया कि अब तक मात्र तीन लोग ही कोरोना का टीका लगवाने के लिए आए हैं। डीएम ने वहां तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि समस्त हेल्थ वर्कर एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी को फोन करें एवं शाम तक शत-प्रतिशत कोरोना टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कोरोना के टीकाकरण कक्ष का भी निरीक्षण किया। यहां सफाई और प्रकाश की व्यवस्था संतोषजनक न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।
स्टॉक रजिस्टर और एक्सपायरी रजिस्टर का भी अवलोकन किया, जिसमें पाया कि दवाओं के एक्सपायर होने के उपरांत उनकी मांग नहीं की गई है। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि तत्काल इसके लिए मांग तैयार करते हुए आवश्यक दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित कराएं। डीएम ने एमडीटीबी अस्पताल में संचालित कोविड-19 के टीकाकरण कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित केंद्र प्रभारी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि अब तक कुल 44 स्वास्थ्यकर्मी टीकाकरण के लिए आए हैं।
इनमें से 29 कर्मियों को टीका लगाया जा चुका है। सीएमओ ने बताया कि आज जिले में पांच स्थानों पर कोरोना का टीकाकरण किया गया है। इसके तहत आज कुल 737 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया है। सीएचसी सिकंदराराऊ में 144, सीएचसी सादाबाद में 170, एमडीटीबी अस्पताल (शहरी क्षेत्र) में 148, पीएचसी मधुगढ़ी में 114 और सीएचसी मुरसान में 161 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना का टीका लगाया गया है। निरीक्षण के समय सीडीओ, सीएमओ और जिला कृषि अधिकारी मौजूद रहे।