सहपऊ: कोरोना पॉजिटिव के घर पर क्वारंटीन का पोस्टर चस्पा करते स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी।
- फोटो : SHAPHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
तहसील क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। अभी हाल में कोतवाली के चार पुलिसकर्मी संक्रमित पाए थे। इधर, बृहस्पतिवार को दो और कोरोना पॉजिटिव मिल गए। कस्बा के मोहल्ला अग्रवाल में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग एवं क्षेत्र के गांव नगला लच्छी में एक 17 वर्षीय किशोर संक्रमित पाया गया है। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
इधर, प्रशासन ने दोनों के परिजनों को होम क्वारंटीन कर दिया है। वहीं, दोनों संक्रमितों को मुरसान के कोविड एल वन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसकी पुष्टि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने की है।
एसडीएम हरिशंकर यादव ने बताया कि हॉट स्पॉट क्षेत्र का दायरा धीरे धीरे खत्म किया जा रहा है। पहले ये एरिया तीन किलो मीटर का था। फिर चार सौ मीटर अब ढाई सौ मीटर का किया गया है। धीरे धीरे यह व्यवस्था समाप्त की जा रही है। अब हॉट स्पॉट घोषित नहीं किया गया है।