हाथरस: सिकंदराराऊ में नए कोविड हॉस्पिटल की तैयारियों का निरीक्षण करते एसडीएम विजय शर्मा।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
अलीगढ़ जीटी रोड पर गांव सराय के निकट मुरसान के बाद अब जिले में जेपी हॉस्पिटल को कोरोना के इलाज के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया गया है। अब यहां कोरोना के पॉजिटिव मरीजों का इलाज हो सकेगा। इसके लिए 18 चिकित्सा कर्मियों की नियुक्ति कर दी गई है। छह-छह कर्मियों की तीन पालियों में ड्यूटी रहेगी।
बता दें अब तक कोरोना के इलाज के लिए मुरसान में कोविड वन अस्पताल संचालित है, लेकिन वहां अब बेड पूरे भर चुके हैं। ऐसे में अब सिकंदराराऊ में दूसरा हॉस्पिटल बनाया गया है। एसडीएम विजय शर्मा ने बताया कि यहां पर फिलहाल 68 मरीजों के लिए चार बड़े कमरों में इलाज की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 12 एकल कमरे हैं, जिनका जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल किया जाएगा। यहां कोरोना संक्रमितों के इलाज के पूरी व्यवस्था कर दी गई है।
स्वयं एसीएमओ डॉ. डीके अग्रवाल के निर्देशन में इस अस्पताल को कोविड मरीजों के इलाज के लिए तैयार किया गया है। अस्पताल परिसर में बिजली, पानी और सफाई आदि की व्यवस्था नगर पालिका के ईओ डॉ. बृजेश कुमार के निर्देशन में की गई है। अब आज से यहां कोरोना संक्रमितों का इलाज शुरू हो जाएगा। बता दें कि जेपी हॉस्पिटल के एमडी विपिन वार्ष्णेय ने कोरोना संक्रमण के शुरू में ही प्रशासन को पत्र लिखकर हॉस्पिटल के प्रयोग का पत्र सौंप दिया था।
कुछ दिन पूर्व डीएम पीके लक्षकार ने हॉस्पिटल का दौरा कर इसे कोविड अस्पताल बनाने के लिए हरी झंडी दी थी। इसके बाद जिला चिकित्सालय के नेतृत्व में बाकी का काम पूरा किया गया। कोतवाल प्रवेश राणा ने कहा कि खुले स्वच्छ वातावरण में यहां संक्रमण बहुत जल्द ही ठीक होगा।