संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में शिक्षकों व कर्मचरियों को 50 फीसदी क्षमता के साथ उपस्थित रहने के निर्देश बीएसए ने दिए हैं। आदेश जारी करते हुए बीएसए ने कहा है कि निर्वाचन कार्य, विभागीय योजनाओं के संचालन एवं विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान को ध्यान में रखते हुए 50 फीसदी स्टाफ के साथ स्कूलों में शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर 23 जनवरी तक जिले के कक्षा 1 से 8 तक के समस्त बेसिक शिक्षा परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और अन्य बोर्ड के विद्यालय बंद रहेंगे।
वहीं विधान सभा निर्वाचन संबंधी कार्य एवं अन्य प्रशासकीय कार्य के लिये समय-समय पर जारी निर्देशों के पालन के लिए शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की विद्यालय में उपस्थिति अनिवार्य होगी।
परिषदीय विद्यालयों एवं अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति कोविड प्रोटोकॉल एवं शासनादेश की गाइडलाइन के अनुसार 50 प्रतिशत कर्मचारियों की क्षमता के साथ रोस्टर के आधार पर कार्य करेंगे।
किसी भी स्थिति में विद्यालय बंद नहीं होगा। मान्यता प्राप्त व अन्य बोर्ड के विद्यालयों में शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति एवं ऑनलाइन शैक्षणिक कार्य के लिए विद्यालय प्रबंध समिति समुचित निर्णय लेने के लिए अधिकृत होगी।
छात्र/छात्रायें विद्यालय में उपस्थित नहीं होंगे। बीएसए शाहीन ने बताया कि स्कूलों में बच्चों को नहीं बुलाया जाएगा। शिक्षकों को शासनादेश के अनुसार 50 फीसदी क्षमता के आधार पर रोस्टर के अनुसार उपस्थित दर्ज करानी होगी।