हाथरस : जलेसर रोड पर सड़क में गड्ढे। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन के आदेश पर जिले में जल्द ही सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान की शुरुआत होगी। 15 सितंबर से सड़कों की दशा सुधारने का काम शुरू किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने 351 किलोमीटर सड़कों की दशा सुधारने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने में करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत आएगी।
उल्लेखनीय है कि कोरोना के चलते अभी तक सरकार के पास बजट की कमी चल रही थी। अब चुनावी वर्ष में सरकार लोगों की समस्याओं को दूर करने पर ध्यान दे रही है। बारिश का मौसम खत्म होने के बाद 15 सितंबर से जिले में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के अभियान की शुरुआत होने जा रही है। जिले में 351 किमी सड़कें गड्ढायुक्त हैं। इन सड़कों को गड्ढा मुक्त करने पर करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी बजट आने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि सड़कों को दुरुस्त किया जा सके।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) राजेश कुमार निगम का कहना है कि 15 सितंबर से गड्ढामुक्ति अभियान की शुरुआत होगी। जिलेभर में 351 किलोमीटर सड़कें गड्ढा युक्त हैं। इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। करीब ढाई करोड़ रुपये का खर्च इस काम में आएगा। संवाद