संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बैनर तले जनपद न्यायालय में आर्बिट्रेशन के मामलों के निस्तारण के लिए रविवार को विशेष लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायाधीश मृदुला कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस लोक अदालत में कुल 32 वादों का निस्तारण कर 1,07,000 रुपये की धनराशि समझौता राशि के रूप में दिलाई गई।
लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर व फीता काटकर किया। जनपद न्यायाधीश मृदुला कुमार के न्यायालय से तीन वादों का निस्तारण कर 40,000 रुपये दिलाए गए। अपर जनपद न्यायाधीश त्रिलोकपाल सिंह कोर्ट संख्या एक के न्यायालय से 11 वादों का निस्तारण कर 49,000 रुपये दिलाए गए।
अपर जनपद न्यायाधीश कोर्ट संख्या चार पारुल वर्मा के न्यायालय से चार वादों का निस्तारण किया गया। अपर जनपद न्यायाधीश कोर्ट संख्या दो विनीत कुमार के न्यायालय से चार वादों का निस्तारण किया गया। अपर जनपद न्यायाधीश कोर्ट संख्या पांच अजय कुमार-1 के न्यायालय से चार वादों का निस्तारण कर 18,000 रुपये दिलाए गए।
अपर जनपद न्यायाधीश/एफटीसी कोर्ट संख्या एक सतेंद्र सिंह वीरवान के न्यायालय से छह वादों का निस्तारण किया गया। इस मौके पर नोडल अधिकारी जेबा मजीद, सभी अपर जनपद न्यायाधीश, सचिव चेतना सिंह, अपर जिला अधिकारी न्यायिक, अधिवक्ता व वादकारी मौजूद रहे। अंत में सचिव चेतना सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।