न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के उन मजदूरों के लिए खुशखबरी है, जिनके खाते अपडेट नहीं है। वह घर बैठे अपने खाते को यूपीबीओसीडब्ल्यू एप के जरिये कर सकते हैं। खाता अपडेट होने के बाद ही इन मजदूरों के खाते में आपदा राशि आएगी। इससे मजदूरों को काफी राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि श्रम विभाग में कुल 12 हजार मजदूरों ने नवीनीकरण करा लिया है, जिसमें नौ हजार चार सौ लोगों को राशि मिल गई है। जिन लोगों के खाते अपडेट नहीं है, उनमें करीब 25 श्रमिक ऐसे हैं, जिनके खाते अपडेट नहंीं हैं। वह घर बैठे गूगल प्ले स्टोर से एप डाउनलोड करें। उसके बाद वह मोबाइल नंबर और आधार आदि जानकारी मांगेगा।
इसके बाद श्रमिक के मोबाइल फोन पर ओटीपी आएगी। ओटीपी को श्रमिक किसी को साझा नहीं करें। उसके बाद ओटीपी नंबर को नियत स्थान पर डालें। सभी प्रक्रिया को पूरा करने के बाद आप खुद ही खाता अपडेट कर सकेंगे। अंत में रिकार्ड सक्सेजफुल आएगा, जिसका सीधा विवरण शासन को जाएगा। श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोहम्मद आजम का कहना है कि लोग मोबाइल एप से घर बैठे खाता अपडेट कर सकते हैं। यदि किसी को कोई दिक्कत आए तो वह 9568026600 मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।