न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के बाद अब यूपी बोर्ड ने भी 12वीं की परीक्षा को कोरोना संक्रमण के चलते रद्द करने का ऐलान कर दिया है। जिले में इस बार 94 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के 25859 और इंटरमीडिएट के 22477 परीक्षार्थियों को यह परीक्षा देनी थी। हालांकि मेधावी परीक्षार्थी इस फैसले से निराश हैं, जबकि ज्यादातर लोगों का कहना है कि कोरोना संक्रमण के चलते सरकार का यह निर्णय सही है।
गौरतलब है कि हाईस्कूल के परीक्षार्थियों को प्रमोट करने का निर्णय शासन पहले ही ले चुका है, लेकिन इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर अभी तक सस्पेंस बना हुआ था। यह सस्पेंस बृहस्पतिवार को प्रदेश सरकार ने परीक्षा रद्द करके दूर कर दिया। अब इंटरमीडिएट विद्यार्थियों को भी अब प्रमोट किया जाएगा। शासन के इस आदेश से वह परीक्षार्थी काफी निराश दिखाई दिए, जोकि परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे और दिन-रात तैयारी में जुटे थे।
बोर्ड परीक्षा में अच्छे नंबर लाने के लिए बहुत से परीक्षार्थी लंबे समय से ट्यूशन आदि के माध्यम से कड़ी मेहनत करके तैयारी कर रहे थे, लेकिन अब ऐसे परीक्षार्थियों को भी औसत नंबर ही मिलेंगे। वहीं काफी लोगों का कहना था कि कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर सरकार का यह फैसला सही है।