न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बागला डिग्री कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने वर्चुअल मीटिंग में जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ के न्यूरो सर्जन डॉ. कौशल कुमार से बातचीत की। डॉक्टर ने उन्हें कोविड 19 महामारी से संबंधित बचाव की जानकारी दी। इसके बाद राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य से संबंधित प्रश्न पूछे और उनका समाधान जाना।
वार्ता में डॉ. कौशल कुमार ने कोरोना वायरस से बचाव के उपाय और वैक्सीनेशन के बारे में सभी प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमें डरना नहीं है, इसके लक्षण आते ही अपनी जांच कराकर किसी योग्य चिकित्सक की देखरेख में दवाएं शुरू कर लेनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ एमपी सिंह ने कहा कि इन बातों को सभी प्रतिभागी अपने परिवार और समाज में अवश्य बताएं। हम सभी इसके बारे में जितने जागरूक होंगे उतने ही हम इस महामारी से निपटने में सक्षम होंगे।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने कहा सभी प्रतिभागी खुद वैक्सीन लगवाएं और समाज के अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करें। इस वर्चुअल मीटिंग में निकेश शर्मा, डॉली, मान्या, डॉली पाठक, कृतिका, हर्षिता शर्मा, प्रीति, दीपिका, चारुल, चिराग आदि ने प्रतिभाग किया।