न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कोविड टीकाकरण से छूटे हुए व्यक्तियों का प्राथमिकता के आधार टीकाकरण कराए जाने के लिए जिलास्तरीय एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
डीएम ने कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम के सुदृढ़ीकरण के लिए क्लस्टर मॉडल 2.0 के तहत कार्य योजना तैयार कर 140 टीमों का गठन कराते हुए कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण कराए जाने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक टीम प्रतिदिन कम से कम 75 घरों का सर्वे करते हुए 200 व्यक्तियों का टीकाकरण करने के निर्देश दिए। डीएम ने आठ नवंबर से यह कार्य लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।
प्रत्येक टीम में आशा व एएनएम के साथ एक वैक्सीनेटर भी साथ रहेगा। डीएम ने समस्त उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कोविड टीकाकरण का पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए। टीकाकरण में तैनात कर्मचारियों द्वारा ठीक ढंग से कार्य न किए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) को पंचायत सेवकों को कोविड टीकाकरण में सहयोग के लिए अपने स्तर से पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी को टीकाकरण की सूचना आईसीसीसी नियंत्रण कक्ष में दो घंटे के अंतराल में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक को निर्देश दिए कि ओपीडी के पास टीकाकरण का काउंटर लगाएं। संवाद