संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले के 11,12वीं सहित डिग्री कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के खातों में 25 मार्च को छात्रवृत्ति की धनराशि पहुंच जाएगी। इसे लेकर समाज कल्याण विभाग की ओर से ऑनलाइन प्राप्त डाटा को सत्यापित किया जा रहा है। सत्यापित डाटा को 20 मार्च तक शासन को भेजा जाएगा, जिससे कि निर्धारित तिथि पर छात्रवृत्ति जारी की जा सके।
जिले के 11, 12 वीं सहित डिग्री कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इस क्रम में समाज कल्याण विभाग की ओर से सभी विद्यालयों से अपने अपने विद्यार्थियों का डाटा सत्यापित कराकर समाज कल्याण विभाग के पोर्टल पर मंगाया गया था।
अब सभी विद्यालयों की ओर से डाटा को समाज कल्याण को भेज दिया गया है। शासन स्तर से 25 मार्च को इन विद्यार्थियों के खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि भेजी जानी है। इस लेकर अब समाज कल्याण विभाग की ओर से डाटा का विभाग से सत्यापित किया जा रहा है।
इस दौरान आधार से डिटेल को मैच करने के साथ अन्य जानकारियों का बारीकी से अवलोकन किया जा रहा है। इस सत्यापित डाटा को समाज कल्याण विभाग की ओर से 20 मार्च तक शासन को भेजा जाएगा, जिससे कि निर्धारित तिथि पर सभी विद्यार्थियों के खातों में धनराशि भेजी जा सके। जिला समाज कल्याण अधिकारी शिव कुमार ने बताया कि सभी विद्यार्थियों के डाटा को सत्यापित कर शासन को भेजने की कार्रवाई की जा रही है।